अयोध्या राम मंदिर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के लिए मंगलवार को 8 पूर्व अफसरों ने इंटरव्यू दिए। इनमें 3 पूर्व IAS, एक IPS और 4 पूर्व सैन्य अफसर शामिल हैं।
यूपी पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रहे पूर्व IPS राजेश पांडेय और जौनपुर के पूर्व डीएम दिनेश चंद्र ने भी इंटरव्यू दिया।
इंटरव्यू सुबह साढ़े 11 बजे से 2 बजे तक चला। सूत्रों के मुताबिक, हर कैंडिडेट का 15-20 मिनट तक इंटरव्यू हुआ। उनसे कहां-कहां काम किया? धार्मिक क्षेत्र में क्या काम किया? भगवान राम में कितनी आस्था है? परिवार में कौन-कौन है? इस तरह के सवाल किए गए।
4 दिन तक चलने वाले इंटरव्यू में 18 कैंडिडेट शामिल होंगे। इनमें से 3 नाम फाइनल होंगे। फिर इन तीनों का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इंटरव्यू लेगा और आखिर में एक नाम फाइनल करेगा।

CEO पद के लिए 5,300 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन सिर्फ 18 लोगों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें अयोध्या के पूर्व डीएम योगेश्वर राम मिश्रा का नाम भी शामिल है। अभी 15 लोगों के नाम सामने नहीं आए हैं। रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी इंटरव्यू ले रहे हैं।

