नवनियुक्त SP ग्रामीण मयंक पाठक ने किया कार्यालयों का औचक निरीक्षण समयबद्ध कार्यशैली के दिए निर्देश!!
जनपद सहारनपुर
सहारनपुर। जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही पुलिस प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज, पुलिस कार्यालय स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण पटलों का गहन निरीक्षण किया और निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण सबसे पहले पेशी कार्यालय, गोपनीय कार्यालय और प्रधान लिपिक कार्यालय पहुँचे। उन्होंने कार्यालयों में रखे गए महत्वपूर्ण अभिलेखों, फाइलों और रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पत्रावलियों के रखरखाव और लंबित मामलों की स्थिति को समझना रहा।निरीक्षण के दौरान श्री मयंक पाठक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारीगणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी पटल पर कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेखों को क्रमवार और व्यवस्थित तरीके से रखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत जानकारी उपलब्ध हो सके।जनता से जुड़ी शिकायतों और विभागीय कार्यों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।एसपी ग्रामीण ने दो टूक शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनहित में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उनके इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में दिनभर हलचल मची रही।इस दौरान कार्यालय के मुख्य लिपिक सहित अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

