हरकी पौड़ी कांगड़ा घाट विस्तार योजना अधर में, अर्धकुंभ 2027 से पहले पूरा होना मुश्किल

Ganga News 24 | हरिद्वार | 28 अक्टूबर 2026

हरकी पौड़ी कांगड़ा घाट विस्तार योजना अधर में, अर्धकुंभ 2027 से पहले पूरा होना मुश्किल

अर्धकुंभ मेला 2027 में हरकी पौड़ी पर मोक्ष और कल्याण की डुबकी लगाने आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रस्तावित कांगड़ा घाट विस्तार योजना का लाभ इस बार भी नहीं मिल पाएगा।

बता दें, कुंभ मेला 2010 में हरकी पौड़ी विस्तार योजना के तहत कपूर थला हाउस, कांगड़ा घाट व ब्रज लॉज के अधिग्रहण की कवायद शुरू हुई थी, जो 16 साल बाद भी पूरी होती दिखाई नहीं दे रही है। अब गंगा कॉरिडोर में शामिल की गई यह योजना यदि समय रहते सिरे चढ़ जाती तो इसका लाभ अर्धकुंभ 2027 में भी मिल जाता, लेकिन ऐसा संभव होता दिखाई नहीं दे रहा।

उत्तराखंड सरकार भले ही करोड़ों रुपए की लागत से 3 किलोमीटर लंबे घाट गंग नहर पटरी पर बना रही हो, लेकिन गंगा में मोक्ष की डुबकी लगाने हरिद्वार आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की इच्छा ब्रह्मकुंड हरकी पौड़ी पर ही स्नान करने की होती है।

1313 वर्गमीटर भूमि वाली यह महत्वाकांक्षी योजना 16 साल से शासन और न्यायालय की पेचीदगियों में उलझी हुई है। सिंचाई विभाग पुनर्वास खंड के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल ने बताया कि योजना को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, DPR और योजना को स्वीकृति की प्रतीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *