मनोज ठाकुर
हरिद्वार : 35 वर्षों से कांवड़ निर्माण में जुटे राम अवतार चौहान, अब हिंदू परिवारों को दे रहे रोजगार
हरिद्वार। कांवड़ संघ के अध्यक्ष राम अवतार चौहान पिछले 35 वर्षों से कांवड़ निर्माण के कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार वर्षों से मंदिरों में चढ़ाई जाने वाली विशेष कांवड़ों का निर्माण वे स्वयं तथा अपने परिवार और स्थानीय हिंदू महिलाओं से करवा रहे हैं।
पहले यह काम वे अपने मुस्लिम कारीगरों से करवाते थे, लेकिन अब स्थानीय हिंदू परिवारों को इस कार्य से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
राम अवतार चौहान के अनुसार, इस पहल से अनेक महिलाओं और परिवारों को अच्छा रोजगार मिल रहा है। सावन मेले के दौरान उन्हें लगातार लगभग छह महीने तक काम मिलता है। इसके बाद फागुन मेले की तैयारियां शुरू हो जाती हैं, जिससे वर्षभर रोजगार का सिलसिला बना रहता है।

उन्होंने बताया कि उनके पास पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों से कांवड़ों के ऑर्डर आते हैं। आठ अगस्त को आने वाली डाक कांवड़ के लिए भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहले से ऑर्डर दिए हैं। उनकी संस्था छोटी से लेकर बड़ी और आकर्षक मंदिर शैली की कांवड़ों का निर्माण करती है।
राम अवतार चौहान ने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में कांवड़ों के ऑर्डर कुछ कम मिले हैं। उनका मानना है कि इसकी एक वजह श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में मटकों का उपयोग करना भी है।
उन्होंने यह भी बताया कि कांवड़ मेले में सभी व्यापारी पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

