सहारनपुर की सियासत में फिर गर्मी! पूर्व IAS दिनेश चंद्र के भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा से मची हलचल

सहारनपुर की सियासत में फिर गर्मी! पूर्व IAS दिनेश चंद्र के भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा से मची हलचल

सहारनपुर।

मानसून की फुहारों के बीच सहारनपुर की सियासत का पारा चढ़ता नजर आ रहा है। पूर्व आईएएस अधिकारी एवं सहारनपुर के पूर्व जिलाधिकारी #दिनेश #चंद्र के #भाजपा के टिकट पर सहारनपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

दिनेश चंद्र के जिलाधिकारी रहते हुए उनके कार्यकाल और आम लोगों के बीच बनाई गई पहचान को देखते हुए अब उनके सक्रिय राजनीति में उतरने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि भाजपा उन्हें सहारनपुर सीट से चुनाव मैदान में उतारती है तो मौजूदा दावेदारों के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

कांवड़ यात्रा के दौरान भी दिखी सक्रियता

पूर्व जिलाधिकारी पद से सेवानिवृत्ति के बाद भी दिनेश चंद्र की सहारनपुर में सक्रियता लगातार चर्चा में रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के बीच उनकी मौजूदगी और गतिविधियों को भी राजनीतिक नजरिए से देखा गया। इसके बाद उनके चुनावी मैदान में उतरने की अटकलों को और हवा मिली।

दावेदारों के बीच बढ़ सकती है बेचैनी

सहारनपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के लिए कई नेता लंबे समय से अपनी जमीन तैयार करने में जुटे हैं। ऐसे में यदि दिनेश चंद्र का नाम मजबूती से सामने आता है तो टिकट के अन्य दावेदारों का राजनीतिक गणित जरूर बदल सकता है। समर्थकों के बीच भी उनके नाम को लेकर चर्चाएं तेज होने की बात कही जा रही है।

हालांकि, अभी तक दिनेश चंद्र की ओर से चुनाव लड़ने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और भाजपा ने भी उनके नाम को लेकर कोई निर्णय सार्वजनिक नहीं किया है।

अब बड़ा सवाल यही है—क्या पूर्व डीएम दिनेश चंद्र प्रशासनिक पारी के बाद सियासत की पिच पर उतरेंगे? और अगर उतरते हैं तो क्या भाजपा उन्हें सहारनपुर से अपना चेहरा बनाएगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन इतना जरूर है कि दिनेश चंद्र के नाम की चर्चा ने सहारनपुर की सियासत में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *