गंगा न्यूज़ 24
👉 सरकार से सहमति के बाद जंतर-मंतर का आंदोलन समाप्त, CJP ने प्रदर्शनकारियों से घर लौटने की अपील की
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहे प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने समाप्त करने की घोषणा कर दी है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार के प्रतिनिधियों के साथ तीन दौर की बातचीत के बाद उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद प्रदर्शन में शामिल लोगों से शांतिपूर्वक अपने घर लौटने की अपील की गई।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि संगठन ने सरकार के सामने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे और एफआईआर वापस लेने, भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने सहित कई मांगें रखी थीं।
संगठन के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के अनुसार, सरकार ने प्रदर्शन से संबंधित एफआईआर की प्रतियां उपलब्ध कराने और दर्ज मामलों को वापस लेने का भरोसा दिया है। संगठन का दावा है कि दिल्ली में करीब 15 से 20 एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिनकी जानकारी अगले कुछ दिनों में साझा की जा सकती है।
CJP ने कहा कि सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद सद्भावना के तहत आंदोलन वापस लिया जा रहा है। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि सभी सहमतियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से भी प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने तथा दर्ज मामलों की समीक्षा का भरोसा दिए जाने की बात कही गई है। मुआवजे और सुधार संबंधी प्रस्तावों पर सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।

