लग्जरी बसों के विरुद्ध तीसरे दिन भी चला विशेष चेकिंग अभियान, 35 चालान और 02 बसें सीज

लग्जरी बसों के विरुद्ध तीसरे दिन भी चला विशेष चेकिंग अभियान, 35 चालान और 02 बसें सीज

हरिद्वार, 25 अक्टूबर 2026

           सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा लग्जरी बसों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों में 35 चालान किए गए तथा 02 बसों को सीज किया गया।

         पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं के दृष्टिगत अभियान में यात्री सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जाँच के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका संचालन निर्धारित मानकों एवं परमिट की शर्तों के अनुरूप हो।

        चेकिंग के दौरान बसों के पंजीयन, फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ-साथ निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन तथा अनधिकृत परिवर्तन जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन की जाँच पर भी जोर दिया जा रहा है।

      बस संचालकों एवं चालकों को निर्देशित किया गया कि वे वाहनों के आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें तथा सुरक्षा मानकों और परमिट की शर्तों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

     परिवहन विभाग द्वारा यह विशेष अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। अभियान का उद्देश्य बसों का सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *