सहारनपुर में संगठन की नब्ज टटोलेंगे, दोस्ती का फर्ज भी निभाएंगे नितिन नबीन
22 को सहारनपुर में नितिन नबीन: मिशन-2027 साधेंगे, पुरानी दोस्ती भी निभाएंगे
सहारनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 22 सितंबर को सहारनपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एक तरफ संगठन की नब्ज टटोलेंगे और मिशन-2027 को लेकर जमीनी फीडबैक लेंगे, तो दूसरी तरफ पुराने मित्र पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा से प्रस्तावित मुलाकात भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
नितिन नबीन मेरठ में संगठनात्मक कार्यक्रमों के बाद मुजफ्फरनगर-देवबंद मार्ग से सहारनपुर पहुंचेंगे। यहां पार्टी की विभिन्न बैठकों में शामिल होकर वे बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।
सियासत ने मिलाया था, वर्षों में दोस्ती हुई मजबूत
नितिन नबीन और राघव लखनपाल शर्मा का रिश्ता भाजपा युवा मोर्चा के दौर से है। संगठन में साथ काम करते हुए राजनीतिक परिचय व्यक्तिगत मित्रता में बदल गया। विभिन्न कार्यक्रमों में दोनों की मुलाकात होती रही है।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों के बाद पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद उनके आवास पर परिवार के सदस्यों से मुलाकात भी हो सकती है।
मिशन-2027 पर फोकस
दौरे का मुख्य केंद्र मिशन-2027 रहेगा। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है।
पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सहारनपुर आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
स्रोत: संवाददाता, सहारनपुर

