GANGA NEWS 24 – HARIDWAR
कुंभ मेला की तैयारी : आपातकालीन निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर फोकस
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर मेला प्रशासन तैयारियों को लगातार धरातल पर परख रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका (IAS) ने बुधवार देर शाम अपर रोड, भूरे वाली खोल तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षित और त्वरित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जाने की संभावनाओं की पड़ताल की।
मेलाधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों की स्थिति, आपसी कनेक्टिविटी तथा संभावित वैकल्पिक रास्तों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन मार्गों की वर्तमान स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों में इनके उपयोग की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित वैकल्पिक निकासी मार्गों की व्यवहार्यता का परीक्षण करते हुए उनकी चौड़ाई, पहुंच और कनेक्टिविटी का आकलन किया जाए।

व्यापारियों व स्थानीय लोगों से लिया सुझाव
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर फीडबैक भी लिया। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्री संजय नैयर सहित अन्य व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की परिस्थितियों और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में स्थानीय लोगों के सुझाव महत्वपूर्ण हैं और व्यावहारिक सुझावों को व्यवस्थाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। कुंभ जैसे विशाल आयोजन में आपातकालीन निकासी मार्गों की पूर्व तैयारी आवश्यक है।

इस दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, PIU के अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुश सहित अन्य अधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

