क्वांटम विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 का उत्साहपूर्वक आयोजन

क्वांटम विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 का उत्साहपूर्वक आयोजन

· क्वांटम विश्वविद्यालय में पृथ्वी दिवस पर हरियाली का संकल्प, 101 पौधों का रोपण

· ग्रीन कैंपस की ओर बढ़ता कदम: क्वांटम विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम

· क्वांटम विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम

रूड़की स्थित क्वांटम विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 को बड़े उत्साह, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सतत विकास के संदेश के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. महुआ मुखर्जी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, आर्किटेक्चर एवं प्लानिंग विभाग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में सतत विकास, आपदा प्रबंधन तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारी को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। इस सत्र का समन्वयन छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. करण बब्बर द्वारा किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम के अंतर्गत “ग्रीन कैंपस” पहल के तहत 101 पौधों का वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेक कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुलपति प्रो. विवेक कुमार कहा कि पृथ्वी हमारी साझा धरोहर है और इसकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयास जैसे वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अपनाकर हम एक बड़े सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सतत जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसके साथ ही “भूमि और जल पर जीवन (SDG 15 एवं SDG 14)” विषय पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और जागरूक सोच के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता एवं जल संसाधनों के संरक्षण से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, एनएसएस, एनसीसी एवं ‘पहल’ के संयुक्त तत्वावधान में “पर्यावरण जागरूकता और स्थिरता” विषय पर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। रैली, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा सतत विकास से संबंधित अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित, क्वांटम स्कूल ऑफ़ टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. बृजमोहन सिंह तथा कृषि विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। यह समग्र आयोजन सिविल इंजीनियरिंग विभाग एवं कृषि अध्ययन विभाग के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो अंतर्विषयी सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों को सतत जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *