क्वांटम विश्वविद्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन


क्वांटम विश्वविद्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

  • योग से स्वस्थ तन-मन का संदेश: क्वांटम विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
  • 250 प्रतिभागियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, क्वांटम विश्वविद्यालय में गूंजा योग का संदेश
  • 84 यू.के. बटालियन एनसीसी एवं क्वांटम विश्वविद्यालय ने मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

रुड़की, 22 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में 84 यू.के. बटालियन एन.सी.सी. द्वारा विश्वविद्यालय के सहयोग से एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें एन.सी.सी. कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं विश्वविद्यालय के स्टाफ सदस्य शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस आयोजन का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देना था। योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक श्री शेखर राणा द्वारा किया गया, जिन्होंने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।

क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.)विवेक कुमार एवं कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। अपने संदेश में कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में बांधती है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम का समापन योग के महत्व एवं अनुशासन पर प्रेरणादायी संबोधन के साथ हुआ। इस आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि 84 यू.के. बटालियन एवं उससे संबद्ध शैक्षणिक संस्थानों के मध्य समन्वय और सहयोग को भी सुदृढ़ किया।

कार्यक्रम की सफलता में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जगदीश अलमिया एवं रवि कपूर के बहुमूल्य मार्गदर्शन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए आयोजकों द्वारा उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर क्वांटम विश्वविद्यालय की सी.टी.ओ. डॉ. छवि सिंह, क्रीड़ा अधिकारी पंकज सिंह, आर.एन.आई. भगवानपुर के कैप्टन आलोक कंडवाल, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज भालसवागाज, हरिद्वार की अंजु कुमारी, जी.आई.सी. सिकंदरपुर भैसवाल, भगवानपुर की सेकंड ऑफिसर शिवानी प्रकाश, महावीर इंटरनेशनल स्कूल की सी.टी.ओ. प्रियंका बिष्ट तथा डी.पी.एस. रुड़की की सी.टी.ओ. प्रियंका प्रजापति सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *