“Delimitation Bill पास हुआ तो भारत में स्थायी BJP सरकार बन जाएगी!” कपिल सिब्बल की बड़ी चेतावनी
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने परिसीमन और 131वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर 30 नवंबर को यह संशोधन पास हो जाता है, तो देश में बचा-खुचा लोकतंत्र भी खत्म हो जाएगा।
सिब्बल ने शुक्रवार को X पर अपना इंटरव्यू क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “हम आज इस मोड़ पर खड़े हैं। 30 नवंबर को जब यह संविधान संशोधन बिल पारित होगा, तब हम संवैधानिक लोकतंत्र के लिए एक विनाशकारी मोड़ पर होंगे।” c2ed
सिब्बल ने क्या-क्या कहा?
1. संसद और अदालतों पर असर का दावा
सिब्बल के मुताबिक, आगे चलकर संविधान में और संशोधन किए जाएंगे और लंबे समय के लिए इसे एक ऐसी निरंकुश शासन व्यवस्था में बदल दिया जाएगा, जहां कार्यपालिका अपनी मनमर्जी से फैसले लेगी।
उन्होंने कहा, “संसद अगर अस्तित्व में भी रही, तो उसकी भूमिका पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी। अदालतों में होने वाली नियुक्तियां भी सरकार की पसंद के मुताबिक होंगी। यह मेरा अनुमान है।” c2ed
2. 2014 से संवैधानिक ढांचे पर आरोप
सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में जब BJP सत्ता में आई, तो उसने उसी वक्त यह तय कर लिया था कि देश के संवैधानिक ढांचे को खत्म करना है।
उन्होंने कहा, इसकी शुरुआत 2014 में हुई और 2026 तक लोकतंत्र का जो भी हिस्सा बचा हुआ है, वह भी अब खतरे में है। c2ed
3. 50% सीटें बढ़ाने के फॉर्मूले पर सवाल
सिब्बल का दावा है कि सरकार की ओर से सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। इस फॉर्मूले से:
- उत्तर प्रदेश: 80 से 120
- महाराष्ट्र: 48 से 72
- पश्चिम बंगाल: 42 से 63
- मध्य प्रदेश: 29 से 43
- गुजरात: 26 से 39
- तमिलनाडु: 39 से 59
- आंध्र प्रदेश: 25 से 37
और लोकसभा की कुल संख्या 840 तक पहुंच सकती है। 8608
सिब्बल ने सवाल उठाया, “क्या आप 840 सदस्यों के साथ काम करने वाले सदन की कल्पना कर सकते हैं?”
उनका तर्क है कि सीटें बढ़ने के बाद भी उत्तर और दक्षिण के बीच प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ेगा, और इससे उत्तर भारत के उन राज्यों को ज्यादा फायदा होगा जहां BJP की मजबूत मौजूदगी है।
4. 362 वोटों का गणित
संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 543 में से 362 सांसदों का समर्थन चाहिए। सिब्बल का दावा है कि BJP के पास अपने 241 सांसद ही हैं, इसलिए वह दलबदल के जरिए आंकड़ा जुटाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए 20 और शिवसेना के 6 सांसदों को अब तक अयोग्य घोषित हो जाना चाहिए था। उनके मुताबिक, स्पीकर के फैसला न लेने से ये 26 सांसद वोट डाल सकेंगे और सरकार को 362 के आंकड़े तक पहुंचाने में मदद करेंगे। 8608
5. वोट चोरी और परिसीमन आयोग पर आरोप
सिब्बल ने BJP पर विधानसभा चुनावों में धांधली और वोटर लिस्ट में हेरफेर करके वोट चोरी करने के भी आरोप लगाए। c2ed
उन्होंने कहा कि एक सदस्यीय आयोग के जरिए सीटों की सीमाएं सत्ता पक्ष के फायदे में बदली जा सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि परिसीमन आयोग में तीन सदस्य हों। सरकार और विपक्ष एक-एक सेवानिवृत्त जज चुनें और वे दोनों तीसरे सदस्य का चयन करें।
उन्होंने कहा कि 2021 की जनगणना न होने के कारण परिसीमन 2011 के आंकड़ों पर होगा।
सिब्बल की विपक्ष से अपील
सिब्बल ने विपक्षी दलों से अपील की कि वे किसी मंत्री पद, मुख्यमंत्री पद या राजनीतिक फायदे के लालच में इस प्रस्ताव का समर्थन न करें। उन्होंने कहा कि समर्थन देने वाले दल अपने राज्यों में अस्तित्व गंवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वे सांसद नहीं, बल्कि नागरिक के रूप में संवैधानिक लोकतंत्र बचाने की अपील कर रहे हैं।
नोट: ये सभी दावे और आशंकाएं कपिल सिब्बल की ओर से व्यक्त किए गए हैं। सरकार की ओर से इस प्रस्ताव के मसौदे को लेकर अभी कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

