पूर्व एमएलसी मोहम्मद इकबाल को बड़ी राहत
भगोड़ा घोषित करने का आदेश रद्द, 995.75 करोड़ की संपत्तियों की जब्ती का आदेश भी निरस्त। हाईकोर्ट ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर जल्द फैसला लेने के निर्देश दिए।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की सरकारी चीनी मिलों की बिक्री से जुड़े कथित घोटाले में पूर्व बसपा एमएलसी मोहम्मद इकबाल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से बड़ी राहत मिली है।
हाईकोर्ट ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने और करीब 995.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त करने के विशेष अदालत के आदेश को निरस्त कर दिया है।
न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने मोहम्मद इकबाल और उनसे जुड़ी कंपनियों की अपीलों पर सुनवाई करते हुए डायनेमिक शुगर मिल, मैलो इंफ्राटेक और हनीवेल शुगर्स की संपत्तियां भी मुक्त करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने ट्रायल कोर्ट को सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर जल्द निर्णय लेने को कहा है। यदि क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार होती है तो मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी कार्यवाही भी बंद हो सकती है, जबकि रिपोर्ट खारिज होने पर ईडी कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई कर सकेगी।
गौरतलब है कि मामला वर्ष 2010-11 में तत्कालीन बसपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की 21 सरकारी चीनी मिलों की बिक्री से जुड़ा है। आरोप था कि निर्धारित कीमत से कम दाम पर मिलों की बिक्री कर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया था।

