News24 के पूर्व एंकर पवन पांडेय का पट्टाभिषेक, अब महंत रामसेवक दास के रूप में संत परंपरा में शुरू की नई पारी
शाहजहांपुर, 24 नवंबर। न्यूज़24 के पूर्व एंकर पवन पांडेय ने पत्रकारिता की दुनिया से विदा लेकर सनातन संत परंपरा में अपने जीवन की नई शुरुआत की है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के ककरौआ मंदिर स्थित आश्रम में उनका पट्टाभिषेक संपन्न हुआ। यह धार्मिक कार्यक्रम अयोध्याधाम के पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 माधव मुकुंद दास जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ।
पवन पांडेय को उनके गुरु महामंडलेश्वर माधव मुकुंद दास जी महाराज ने रामसेवक दास नाम प्रदान किया है। पट्टाभिषेक के बाद अब वह संत परंपरा में अपनी नई पहचान महंत रामसेवक दास के साथ आगे बढ़ेंगे।
पवन पांडेय का पत्रकारिता से आध्यात्मिक जीवन की ओर यह बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है। न्यूज़ एंकर के रूप में उन्होंने लंबे समय तक मीडिया जगत में अपनी भूमिका निभाई। अब उन्होंने जीवन को सनातन परंपरा, आध्यात्मिक साधना और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
महंत रामसेवक दास जी का यूपी के शाहजहांपुर जिले में ककरौआ मंदिर के नाम से आश्रम है, जहां पट्टाभिषेक का आयोजन संपन्न हुआ।
गुरु माधव मुकुंद दास जी महाराज के मार्गदर्शन और आशीर्वचनों के साथ रामसेवक दास जी की आध्यात्मिक जीवन यात्रा का नया अध्याय शुरू हो गया है।

