हिमपात के बीच बदरीनाथ धाम पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज

हिमपात के बीच बदरीनाथ धाम पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज

15 नवम्बर 2026
बदरीनाथ धाम/ज्योतिर्मठ

परंपरा का परिपालन करते हुए उत्तराम्नाय ज्योतिषपीठाधीश्वर, अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती ‘१००८’ जी महाराज अपने पंच दिवसीय उत्तराखण्ड प्रवास के क्रम में आज भू-वैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंच गए हैं।

आज शुभ मुहूर्त में ज्योतिर्मठ से प्रस्थान करने के पश्चात महाराज श्री ने मार्ग में स्थित तीर्थों के दर्शन किए।इस दौरान उन्होंने हनुमान चट्टी में श्री हनुमान जी महाराज के दर्शन किए और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इसके उपरांत दोपहर लगभग 2:00 बजे शंकराचार्य जी महाराज टैक्सी स्टैंड स्थित बद्रीनाथ धाम शंकराचार्य मठ पहुंचे।धाम में प्रातःकाल से ही हो रहे हिमपात के बीच महाराज श्री के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।मठ पहुंचने पर भक्तों ने शंकराचार्य जी महाराज की चरण पादुकाओं का विधि-विधान से पूजन किया।इस अवसर पर स्वामी सदाशिव ब्रह्मेन्द्रानन्द सरस्वती,स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरिः,श्रीमहंत सहजानन्द ब्रह्मचारी,तीर्थानन्द ब्रह्मचारी,अशोक टोडरिया,रमेश डिमरी सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे और सभी ने महाराज श्री से आशीर्वाद व प्रसाद प्राप्त किया।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पूज्य शंकराचार्य जी महाराज आज रात्रि विश्राम बदरीनाथ धाम स्थित शंकराचार्य मठ में करेंगे।कल सायं मार्गशीर्ष मास के प्रारंभ होते ही पूज्यपाद शंकराचार्य भगवान बदरीविशाल धाम/मन्दिर में विधि-विधान से विशेष पूजन करेंगे, जिसके पश्चात समयानुसार भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद (मंगलम्) होने के क्रम संपादित किए जाएंगे ।

उक्त जानकारी शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *