कुंभ मेला-2027 से पहले इंद्रा बस्ती में अतिक्रमण हटाने की मांग, PWD ने मेला अधिकारी को लिखा पत्र

मनोज ठाकुर

कुंभ मेला-2027 से पहले इंद्रा बस्ती में अतिक्रमण हटाने की मांग, PWD ने मेला अधिकारी को लिखा पत्र

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में इंद्रा बस्ती में सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार के अपर सहायक अभियंता डॉ. सी.एल. भारती ने मेला अधिकारी, कुंभ मेला-2027 को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।

क्या है मामला?

पत्र के मुताबिक, कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत एनएच-58, आईरिस सेतु से बैरागी कैम्प-विश्व कल्याण आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-मुकर्रबपुर राज्य राज मार्ग को जोड़ने वाला एक मार्ग डामरीकरण के कार्य हेतु स्वीकृत है। जिसका अनुबंध कुंभ मेला 2027 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा गठित किया गया है।

67 परिवारों का अतिक्रमण?

पत्र में कहा गया है कि श्रीयंत्र सेतु से पायलट बाबा आश्रम की ओर जाने वाले मोटर मार्ग के दोनों ओर इंद्रा बस्ती अवैध रूप से सड़क को अतिक्रमित कर बसी हुई है, जिसमें लगभग 67 परिवार निवास करते हैं।

15 मीटर की सड़क रह गई 5-6 मीटर

पायलट बाबा आश्रम की तरफ से लोक निर्माण विभाग की सड़क की चौड़ाई लगभग 15.00 मीटर तथा इंद्रा बस्ती के बीच इस मोटर मार्ग की चौड़ाई लगभग 5.00 से 6.00 मीटर मात्र है।

आगामी कुंभ में करोड़ों की संख्या में भीड़ आएगी। लक्सर रोड से सीधा बैरागी कैम्प को यही रास्ता जोड़ता है। यदि इस रास्ते को सही नहीं किया गया तो यहां पर भयंकर जाम की स्थिति बनेगी। इसको देखते हुए मेला अधिकारी के द्वारा भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, उसके बावजूद भी दोनों ओर अवैध बस्ती होने के कारण मोटर मार्ग बहुत संकरा हो गया है।

पत्र में दावा किया गया है कि इस कारण इस स्थान पर कई वाहन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा कई व्यक्तियों की दुर्घटनाओं में मृत्यु भी हो चुकी है।

24 अगस्त को हुई थी मारपीट

पत्र के अनुसार, 24.8.2026 को इंद्रा बस्ती के चिन्हीकरण के दौरान इंद्रा बस्ती के लोगों के साथ मारपीट की गई। जिसकी प्राथमिकी थाना कनखल में दर्ज हुई तथा मामले में चार्जशीट भी न्यायालय में प्रेषित की जा चुकी है।

हाईकोर्ट के आदेश का भी हवाला

पत्र में कहा गया है कि उच्च न्यायालय, नैनीताल द्वारा रिट पिटीशन (सिविल) संख्या 295/2022, 162/2022 तथा 328/2022 द्वारा अवैध अतिक्रमण को हटाने से सम्बन्धित निर्देश भी पारित किये गये हैं।

इंद्रा बस्ती के लोग भी उच्च न्यायालय गए थे, जहां रिट याचिका संख्या 3244/2026 पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार को याचिकाकर्ताओं को सुनवाई का मौका दिये जाने के आदेश पारित किये गये।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण

पत्र के मुताबिक, जिलाधिकारी हरिद्वार के द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा इंद्रा बस्ती के याचिकाकर्ताओं को अपने कार्यालय में बुलाकर दोनों पक्षों को सुना गया तथा मौखिक निर्देश दिये गये कि अतिक्रमणकारी स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा दें।

लेकिन आरोप है कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी अतिक्रमणकारियों ने अपना अतिक्रमण नहीं हटाया है, जिस कारण इस स्थान पर लगभग 300 मीटर लम्बाई में यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है तथा इस स्थान पर बी.सी. एवं फुटपाथ का कार्य बाधित हो गया है।

मेले में हादसे की आशंका

पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि इंद्रा बस्ती में निवासरत अतिक्रमणकारियों को नहीं हटाया जाता है तो इस स्थान में मेले के दौरान होने वाली अनियंत्रित भीड़ में वाहन दुर्घटना हो सकती है और पूर्व की भाँति जनहानि होने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।

मांग

अंत में निवेदन किया गया है कि इंद्रा बस्ती कनखल में क्रमांक 1 पर अंकित मोटर मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने की कृपा करें, अन्यथा इन लोगों के हौसले बुलन्द होते रहेंगे और भविष्य में भी अन्य कार्मिकों के साथ मारपीट एवं अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

पत्र की प्रतिलिपि नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार, अधिशासी अभियंता, उत्तराखंड गंगा नहर, रुड़की और अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग देवपुरा हरिद्वार को भी भेजी गई है।

GangaNews24 #Haridwar #KumbhMela2027 #IndraBasti #Kankhal #Encroachment #PWD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *