गंगा न्यूज़ 24• प्रयागराज
‘किस्त नहीं चुकाने पर फाइनेंस कंपनी जबरन नहीं उठा सकती वाहन’ – इलाहाबाद हाईकोर्ट
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कर्ज की किस्तें नहीं चुकाने पर वाहन जब्त करने के नाम पर दबाव बनाने वाली फाइनेंस कंपनियों को कड़ी चेतावनी दी है। अदालत ने साफ कहा है कि कोई भी कंपनी रिकवरी एजेंटों या गुंडों के जरिए जबरन किसी का वाहन नहीं उठा सकती।
कोर्ट ने क्या कहा ?
कोर्ट ने कहा कि कर्ज चुकाने में चूक होने पर फाइनेंस कंपनी को वाहन वापस लेने का अधिकार हो सकता है, लेकिन इसके लिए उसे कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। कंपनी को वाहन कब्जे में लेने के लिए सिविल कोर्ट या मध्यस्थता जैसे कानूनी रास्ते अपनाने होंगे।
क्या था पूरा मामला ?
यह मामला सादाब अहमद की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने दिसंबर 2023 में टाटा कंपनी का एक मालवाहक वाहन खरीदा था। इस वाहन को एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने फाइनेंस किया था। इसके लिए 64,059 रुपये की 45 किस्तों में कर्ज चुकाने का समझौता हुआ था।
याचिका के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को फाइनेंस कंपनी के लिए काम करने वाले कुछ लोगों ने चंदौली में सादाब को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने बंदूक की नोक पर धमकाकर वाहन छीन लिया। इसके बाद जब्त की गई संपत्तियों की सूची पर उनसे दस्तखत भी करा लिए गए।
क्यों है यह फैसला अहम ?
यह फैसला उन लाखों वाहन मालिकों के लिए राहत भरा है, जो किस्त देरी होने पर फाइनेंस कंपनी के एजेंटों की धमकी और जबरदस्ती से परेशान रहते हैं। अब कंपनी को कोर्ट का रास्ता अपनाना ही होगा।
दिनांक: 15 नवंबर 2026

