कमल दास कुटिया आश्रम का 29 साल से यातायात पुलिस विभाग पर किराया बकाया, स्वामी जी ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

मनोज ठाकुर


हरिद्वार से बड़ी खबर: कमल दास कुटिया आश्रम का 29 साल से यातायात पुलिस विभाग पर किराया बकाया, स्वामी जी ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

हरिद्वार। श्री कमल दास कुटिया आश्रम को लेकर ट्रस्ट ने यातायात पुलिस विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?
ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी श्री प्रकाश शास्त्री जी महाराज ने बताया कि सन 1988 में सहारनपुर के दिशा-निर्देश पर किरायानामा तैयार किया गया था, जिसके तहत आश्रम के लगभग 100 कमरे यातायात पुलिस को दिए गए थे। 1997 तक किराया नियमित रूप से आता रहा, लेकिन 1997 से लेकर आज 2026 तक, पिछले 29 सालों से यातायात पुलिस द्वारा एक रुपये का भी किराया नहीं दिया गया है।

ट्रस्ट का दावा है कि 2016 में माननीय हाईकोर्ट ने यातायात पुलिस को नोटिस देकर किराया देने और आश्रम खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन उसके बावजूद न तो किराया दिया गया और न ही कब्जा खाली किया गया।

स्वामी जी ने बताया कि वे इस मामले को लेकर भाजपा, सपा, डीआईजी सहित सभी उच्च अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

118 साल पुरानी धरोहर खतरे में
यह संपत्ति लगभग 118 वर्ष पुरानी है और बेहद जर्जर हो चुकी है। भवन कभी भी गिर सकता है, जिससे पुलिसकर्मियों और आमजन की जान को खतरा है।

15 दिन का अल्टीमेटम, फिर आमरण अनशन
अंत में आज प्रेस वार्ता कर स्वामी जी ने यातायात पुलिस को 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के अंदर बकाया किराया नहीं दिया गया और कमरे खाली नहीं किए गए, तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे।

ट्रस्ट ने अर्धकुंभ से पहले आश्रम को कब्जा मुक्त कराने, बकाया किराया दिलाने और भवन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। इस दौरान अजय गौतम जी, सत्यप्रकाश दास एवं उमाकांत अवस्थी मौजूद रहे।

#Haridwar #KamalDasKutiya #TrafficPolice #GangaNews24 #PushkarSinghDhami #ArdhKumbh2027

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *