उत्तरांचल पंजाबी महासभा महिला विंग ने रक्षाबंधन पर पुलिस अधिकारियों को बांधा रक्षा सूत्र, पुलिस की सेवा को किया नमन
हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अनु कक्कड़ जी के नेतृत्व में आज हरिद्वार जिला इकाई द्वारा रक्षाबंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया।
जिला अध्यक्ष श्रीमती रेनू अरोड़ा के माध्यम से जिले की टीम ने आज जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह जी, पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह और सिटी सर्किल ऑफिसर श्री शिशुपाल सिंह नेगी जी को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, सुरक्षा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए कामना की।
प्रदेश अध्यक्ष अनु कक्कड़ जी ने अपने संदेश में कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्य ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का सम्मान करना है जो समाज की सेवा में लगे हैं। रक्षाबंधन का यह कार्यक्रम इसी कड़ी का एक हिस्सा है। उन्होंने जिले की पूरी टीम को इस सुंदर पहल के लिए बधाई दी और समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर महिला विंग की बहनों ने कहा कि पुलिस हमारे समाज की असली रक्षक है। जिस प्रकार एक भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, उसी प्रकार हमारी हरिद्वार पुलिस दिन-रात बिना किसी भेदभाव के आम जनमानस, विशेषकर महिलाओं और बहनों की सुरक्षा में तत्पर रहती है। त्योहारों पर जब पूरा देश अपने परिवार के साथ होता है, तब पुलिस परिवार से दूर रहकर हमारी सुरक्षा करती है, इसलिए यह रक्षा सूत्र सम्मान का सूत्र है।
जिला अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने कहा कि “आज हम बहनों ने अपने पुलिस भाईयों को राखी बांधकर यह एहसास दिलाया है कि पूरा पंजाबी समाज और हरिद्वार की मातृशक्ति उनके साथ है। एसएसपी महोदय और उनकी पूरी टीम का कार्य अत्यंत सराहनीय है। अपराध नियंत्रण से लेकर महिला सुरक्षा तक, हरिद्वार पुलिस ने एक मिसाल कायम की है।
इस कार्यक्रम में जिला टीम की दो महामंत्री श्रीमती मिनी पूरी और श्रीमती आयुषी टंडन तथा जिले की कोषाध्यक्ष श्रीमती शालू आहूजा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच यह भाई-बहन का पवित्र रिश्ता समाज में एकता और विश्वास को और मजबूत करेगा।
वहीं जिला अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने भी समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने भी महिला विंग की इस पहल की सराहना की और हरिद्वार की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

