उपेंद्र कुशवाहा का ‘ऑपरेशन बेटा’ सफल रहा।दिल्ली से पटना तक मंत्री बेटे दीपक के लिए उपेंद्र कुशवाहा ने ऐसी सियासी बिसात बिछाई कि कुर्सी बचा ले गए।
इसके साथ ही कुशवाहा फैमिली में सबकी ‘सियासी रोजगार’ की गोटियां सेट हो गई।
उपेंद्र कुशवाहा खुद सांसद हैं। उनकी पत्नी स्नेहलता कुशवाहा विधायक हैं। अब मंत्री बेटा दीपक प्रकाश एमएलसी होगा। बहू साक्षी मिश्रा को भी बिहार राज्य नागरिक परिषद में एडजस्ट करने की चर्चाएं चलती रहती है।
दरअसल, बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाने के लिए भाजपा के विधान पार्षद देवेश कुमार ने शुक्रवार को रिजाइन कर दिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ देवेश विधान परिषद पहुंचे, जहां उन्होंने सभापति अवधेश नारायण सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
देवेश का मनोनयन राज्यपाल कोटे से 17 मार्च 2021 को हुआ था। उनका कार्यकाल 16 मार्च 2027 तक का था। इसी बची हुई अवधि का कार्यकाल पंचायती राज मंत्री का होगा।

