पदभार संभालने से पूर्व सिद्धपीठ पहुंचे DM ए.के. चौहान, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना!!
सहारनपुर के नए DM ए.के. चौहान ने संभाला कार्यभार, पदभार से पहले माँ शाकुम्भरी के दरबार में टेका माथा!!
सहारनपुर के नवनियुक्त जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने जनपद का विधिवत कार्यभार संभालने से पहले धार्मिक परंपराओं और श्रद्धा के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत की। शामली से स्थानांतरित होकर आए जिलाधिकारी सोमवार को सीधे शिवालिक की पहाड़ियों में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।प्राचीन परंपरा का पालन करते हुए, नवनियुक्त जिलाधिकारी ने सबसे पहले प्रथम पूज्य बाबा भूरादेव के मंदिर में शीश नवाया। मान्यता है कि माँ शाकुम्भरी के दर्शन से पूर्व बाबा भूरादेव की अनुमति और दर्शन अनिवार्य होते हैं। यहाँ मत्था टेकने के बाद जिलाधिकारी का काफिला मुख्य मंदिर की ओर रवाना हुआ।मुख्य मंदिर पहुँचने पर जिलाधिकारी ए.के. चौहान ने माँ शाकुम्भरी देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। तीर्थ पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। उन्होंने माँ की प्रतिमा के सम्मुख बैठकर जनपद में शांति, विकास और जन-कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा! इस धार्मिक यात्रा के दौरान सिद्धपीठ के प्रबंधक आदित्य प्रताप राणा ने जिलाधिकारी को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों से संक्षिप्त परिचय प्राप्त किया!जिलाधिकारी के इस प्रथम आगमन पर प्रशासनिक अमला मुस्तैद नजर आया। नवनियुक्त जिलाधिकारी के इस धार्मिक दौरे को एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। कार्यभार संभालने से पहले मां के दरबार में हाजिरी लगाने को लेकर स्थानीय लोगों और तीर्थ स्थल के पुजारियों ने खुशी जाहिर की है। दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी मुख्यालय के लिए रवाना हो गए, जहाँ वे कलेक्ट्रेट में पहुंचकर औपचारिक रूप से सहारनपुर के जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करेंगे।!!

