यूपी की राजधानी लखनऊ में BJP के एक रोड शो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
आरोप है कि रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण किए एक कलाकार को पार्टी का झंडा पकड़ाकर नचाया गया, जिसे लेकर अब कानूनी शिकायत दर्ज कराई गई है।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता और काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एडवोकेट वासु रंजन ने चंडीगढ़ के DGP और SSP को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में कहा गया है कि BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के दौरान भगवान हनुमान के स्वरूप का राजनीतिक कार्यक्रम में इस तरह इस्तेमाल किया गया, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भगवान हनुमान का स्वरूप करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का विषय है और राजनीतिक प्रचार में इस तरह उसका उपयोग करना अनुचित एवं अपमानजनक है। उन्होंने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में FIR दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े सभी डिजिटल व अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़ा प्रतीत होता है और इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है और आगे की कार्रवाई संबंधित एजेंसियों के स्तर पर होना बाकी है।
आपकी इस पूरे मामले पर क्या राय है? कमेंट में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे

