सहारनपुर में बड़ी कार्रवाई,एक लाख की रिश्वत लेते सीटीओ गिरफ्तार…
सहारनपुर
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उ.प्र. सतर्कता अधिष्ठान, मेरठ सेक्टर की ट्रैप टीम ने राज्य कर विभाग में तैनात सीटीओ कार्यालय के सहायक आयुक्त सुनील कुमार को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 4 मई 2026 को आरोपी के आवास पर की गई।
बताया जा रहा है कि यह मामला एक व्यापारी की शिकायत पर सामने आया, जो सहारनपुर से रुड़की (उत्तराखंड) के बीच माल सप्लाई करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने चेकिंग के दौरान बिलों में कमी बताकर उसे लगातार परेशान किया।
28 मार्च 2026 को सहारनपुर बाईपास पर वाहन रोककर माल की जांच की गई और कथित गड़बड़ी दिखाकर वाहन को राज्य कर कार्यालय में खड़ा करा दिया गया। इसके बाद करीब 3 लाख रुपये जुर्माने की बात कही गई।
आरोप है कि 2 अप्रैल को व्यापारी से सरकारी खाते में लगभग 1.95 लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए, जबकि 1.05 लाख रुपये नकद लिए गए, जिसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं दिया गया। इसके बावजूद आरोपी अधिकारी द्वारा हर महीने 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लगातार हो रही परेशानियों से तंग आकर व्यापारी ने सतर्कता अधिष्ठान मेरठ में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद ट्रैप टीम ने योजना बनाकर 4 मई को आरोपी को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए उसके आवास से रंगे हाथ पकड़ लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

