ग्रेटर नोएडा में लगातार बारिश के बीच सड़क निर्माण का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला ग्रेटर नोएडा के साइट-4, एच ब्लॉक स्थित रामलीला ग्राउंड के पीछे की सड़क का है, जहां जलभराव के बावजूद सड़क निर्माण कार्य जारी था।
बुधवार दोपहर को बारिश के दौरान यह कार्य चल रहा था। लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर पानी भरा होने के बावजूद रोड रोलर और ट्रक की मदद से निर्माण किया जा रहा था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए और संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत की। ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की अंदरूनी सड़कें काफी समय से जर्जर अवस्था में थीं, जिसके चलते यूपीसीडा द्वारा उनका निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने स्वीकार किया कि ठेकेदार ने बारिश के दौरान ही सड़क निर्माण शुरू कर दिया, जो तकनीकी दृष्टि से उचित नहीं है।
स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने पर रवि शर्मा ने तुरंत यूपीसीडा के अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया है। अब बारिश बंद होने और मौसम साफ होने के बाद ही सड़क निर्माण दोबारा शुरू किया जाएगा
उत्तर प्रदेश में अधिकारियों का गजब खेल बरसात में ही बना दी सड़क

