अमित शाह जी को हरीश रावत का खुला पत्र – अपने कार्यकाल (2014-2017) का दिया हिसाब, भ्रष्टाचार और जुमे की छुट्टी पर मांगा प्रमाण

अमित शाह जी को हरीश रावत का खुला पत्र – अपने कार्यकाल (2014-2017) का दिया हिसाब, भ्रष्टाचार और जुमे की छुट्टी पर मांगा प्रमाण

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को खुला पत्र लिखकर अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का लेखा-जोखा रखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि वह शाह का सम्मान करते हैं, लेकिन उत्तराखंड की जनता के सामने तथ्यों के आधार पर अपने कार्यकाल का निष्पक्ष मूल्यांकन चाहते हैं।

रावत ने पत्र की शुरुआत में लिखा है कि उन्होंने उत्तराखंड को केवल एक पहाड़ी राज्य नहीं, बल्कि गांव, किसान, महिला, नौजवान, कर्मचारी, शिल्पकार, पशुपालक और समाज के अंतिम व्यक्ति की आकांक्षाओं वाले राज्य के रूप में देखा।

पत्र में बताए गए प्रमुख काम –

1. केदारनाथ पुनर्निर्माण और आपदा प्रबंधन
2013 की भीषण आपदा के बाद केदारनाथ धाम में मलबा हटाने, मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग के पुनर्निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। NIM, प्रशासन और तकनीकी संस्थाओं के सहयोग से पुनर्निर्माण को गति दी गई। चारधाम यात्रा दोबारा शुरू कराने, SDRF को मजबूत करने और पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीपैड व राहत सुविधाओं के विस्तार पर काम किया गया।

2. रोजगार और पलायन रोकने के प्रयास
पत्र के अनुसार, 9 नवंबर 2016 को बताया गया था कि सरकार पिछले दो वर्षों में लगभग 54 हजार युवाओं को रोजगार दे चुकी है। 2016 में 1,000 महिला कांस्टेबल और 200 महिला उपनिरीक्षकों की भर्ती, 6,000 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति का कैबिनेट निर्णय, UKSSSC का गठन, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, ग्रामीण ग्रोथ सेंटर और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग जैसे प्रयासों का जिक्र किया गया है।

3. महिला सशक्तीकरण
25 अगस्त 2015 को इंदिरा अम्मा भोजनालय योजना शुरू की गई। पहाड़ी जिलों में 25 रुपये और मैदानी जिलों में 20 रुपये में भोजन, प्रति थाली 10 रुपये सरकारी अनुदान। महिला समूहों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर बोनस, 20-25 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता, गंगा गाय महिला डेयरी योजना का जिक्र है।

4. किसान और पेंशन
मंडुआ-रामदाना उत्पादन को बढ़ावा, नवंबर 2015 में गन्ना भुगतान के लिए 71 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा, दूध पर 4 रुपये प्रति लीटर बोनस का जिक्र है।

पेंशन लाभार्थियों की संख्या लगभग 1.84 लाख से बढ़ाकर करीब 7 लाख तक पहुंचाने, आय सीमा 1,000 से बढ़ाकर 4,000 रुपये करने और कई श्रेणियों में राशि 800 से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने का दावा किया गया है।

5. शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल
गौरा देवी कन्या धन योजना, लालढांग में राजकीय महाविद्यालय, अल्मोड़ा और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज, 108 एंबुलेंस सेवा का जिक्र है। देहरादून के रायपुर में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और हल्द्वानी के गौलापार में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 16 दिसंबर 2016 को उद्घाटन कराने का दावा किया गया है।

6. गैरसैंण, हरिद्वार और कुमाऊं
भराड़ीसैंण, गैरसैंण में विधानसभा भवन निर्माण, वहां सत्र आयोजित करने, हरिद्वार अर्धकुंभ 2016 की व्यवस्थाएं, हरिद्वार ग्रामीण में बाढ़ सुरक्षा कार्य, जमरानी बांध को लेकर जुलाई 2016 में तत्कालीन UP मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बातचीत, बिंदुखत्ता और दामुआढूंगा के नियमितीकरण के प्रयासों का जिक्र है।

भ्रष्टाचार और जुमे की छुट्टी पर क्या कहा?

रावत ने लिखा है –

“यदि कोई विशिष्ट आरोप या अनियमितता है तो उसके दस्तावेज और प्रमाण सार्वजनिक किए जाएँ। मैं तथ्यों के आधार पर जवाब देने को तैयार हूँ।”

“मेरी सरकार ने जुमे की छुट्टी का ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया था। यदि ऐसा कोई शासनादेश है तो कृपया उसे सार्वजनिक किया जाए। मैंने इस विषय पर प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की है।”

पत्र के अंत में उन्होंने लिखा –

“मेरा आपसे कोई राजनीतिक विवाद नहीं है। मैं केवल इतना चाहता हूँ कि उत्तराखंड की जनता के सामने 2014 से 2017 के मेरे कार्यकाल का निष्पक्ष और दस्तावेजों पर आधारित मूल्यांकन हो। उत्तराखंड की जनता मेरी सबसे बड़ी अदालत है। मैं अपने कार्यों का हिसाब देने के लिए हमेशा तैयार हूँ।”

रावत ने यह भी स्पष्ट किया है कि पत्र में बताए गए कुछ कार्य पूर्ण हुए, कुछ प्रक्रियाधीन रहे और कुछ प्रस्ताव आगे बढ़ाए गए। प्रत्येक कार्य की वास्तविक स्थिति संबंधित विभागीय अभिलेखों से देखी जा सकती है।

📍 10 नवंबर 2026 | #HarishRawat #AmitShah #Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *