मनोज ठाकुर
बोर्ड ही बता रहा है सच: 6.39 करोड़ का नया फुटपाथ काम, पुराना काम अधूरा – सवाल उठे
हरिद्वार। अर्ध कुंभ मेला 2027 की तैयारियों में फुटपाथ और सड़क निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर लगे सरकारी बोर्ड की फोटो सामने आने के बाद यह मामला फिर चर्चा में है। बोर्ड पर साफ लिखा है कि सिर्फ फुटपाथ और नाली के निर्माण के लिए अलग से 6 करोड़ 39 लाख 77 हजार रुपये का एस्टीमेट है।

बोर्ड पर क्या लिखा है?
कुम्भ मेला-2027
कार्य का नाम – कुम्भ मेला 2027 के अन्तर्गत हरिद्वार शहर के मन्दिरों को हर की पौड़ी से जोड़ने हेतु Pedestrian Friendly फुटपाथ का निर्माण कार्य।
कार्यदायी संस्था – परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लो. नि. वि. कुम्भ मेला-2027 हरिद्वार
कार्य का विवरण – फुटपाथ, नाली इत्यादि का निर्माण
लागत – रु. 639.77 लाख
कार्य प्रारम्भ की तिथि – 09-07-2026
कार्य समाप्ति की तिथि – 08-12-2026
पुरानी योजना क्या थी? – RTI के हवाले से आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार RTI में लोक निर्माण विभाग ने बताया था कि ज्वालापुर – लालता राव – चंडीघाट की 7 किलोमीटर की कार्य योजना है, जिसमें नया फुटपाथ, नाली का निर्माण और सड़क निर्माण होना था। यह काम मार्च 2026 में शुरू होकर सितंबर 2026 में समाप्त होना था, जिसकी कुल राशि 4 करोड़ 27 लाख रुपये थी।
आरोप है कि समय अवधि बीतने के बाद भी 7 किलोमीटर में से 2 किलोमीटर का काम भी पूरा नहीं हो पाया।

नया सवाल – एक ही काम, दो एस्टीमेट?
आरोप के अनुसार, ठेकेदार पर कार्रवाई की बजाय उसी काम को नया नाम दे दिया गया – “मंदिरों को जोड़ने वाला फुटपाथ”। अब इस नए काम का एस्टीमेट 6 करोड़ 39 लाख 77 हजार रुपये है, जिसमें सिर्फ फुटपाथ और नाली का निर्माण बताया गया है।
इस हिसाब से –
- पुराना एस्टीमेट: 4 करोड़ 27 लाख रुपये
- नया एस्टीमेट: 6 करोड़ 39 लाख 77 हजार रुपये
- कुल: 10 करोड़ 66 लाख रुपये
शिकायतकर्ता का सवाल है कि जो काम 4.27 करोड़ में पूरा होना था, वह अब अलग-अलग काम में बांटने के बाद 10.66 करोड़ का कैसे हो गया?
सड़क की क्वालिटी पर भी सवाल
आरोप के अनुसार, भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर के एरिये में हो रहे सड़क निर्माण में एस्टीमेट / वर्क ऑर्डर के मुताबिक सड़क की लेयरिंग 30 MM यानी लगभग सवा इंच मोटी होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर वह मात्र 3/4 इंच बताई जा रही है। क्वालिटी इतनी खराब बताई जा रही है कि हाथ से रगड़ने पर बजरी झड़ रही है, जिससे दोपहिया वाहन स्लिप हो रहे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आज ही उनके सामने दो महिलाएं दोपहिया वाहन से गिरकर घायल हो गईं।
मेला प्रशासन से क्या मांग है?
शिकायतकर्ता की मांग है कि –
- दोनों एस्टीमेट की जांच हो, काम क्यों दो हिस्सों में बांटा गया?
- सड़क की मोटाई और क्वालिटी की थर्ड पार्टी जांच हो
- समय पर काम पूरा न करने पर ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई हो
- मेला प्रशासन मौके पर जाकर काम की गुणवत्ता चेक करे

