मनोज ठाकुर
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि हरिद्वार में धामी सरकार की कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी है। आज हुई कैबिनेट बैठक में हरिद्वार के हितों के लिए न तो कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही कुम्भ से जुड़े किसी योजनाओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट की बैठक में जो निर्णय लिए गये उनमें से अधिकतर अधिकारी स्तर पर भी लिए जा सकते हैं। सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया और कहा कि ये बैठक राजनीतिक चुनावी नौटंकी है।
कुम्भ नगरी में हुई बैठक में कुम्भ से सम्बन्धित कोई भी प्रस्ताव नहीं लिया जाना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है। ज्वालापुर, बहादराबाद, कांगड़ी को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग भी उठाई।
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, विकास चन्द्रा, सुरेश राणा, चंदन शर्मा, श्याम सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।

