जनता जागरूक होगी, तभी बचेगी मसूरी-देहरादून की आवासीय कॉलोनी
देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) द्वारा जारी आदेश में 64 फ्लैट्स के अवैध निर्माण के सापेक्ष नेशविला रोड क्षेत्र से प्राप्त शिकायत की जांच के लिए एक संयुक्त टीम गठित की गई है। आदेश में टीम को एक सप्ताह के भीतर प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी कार्रवाई को आगे बढ़ाने के लिए आज गढ़वाल आयुक्त महोदय श्री विनय शंकर पांडेय जी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। नेशविला रोड की जनता की ओर से राज्य आंदोलनकारी श्री रविन्द्र जुगरान जी के सान्निध्य में यह तीसरी मुलाकात थी। इस दौरान डॉ. दीपक जोशी जी, श्री भसीन जी, श्री उनियाल जी तथा श्री रविन्द्र सिंह गुसाईं जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य चिंता – आवासीय कॉलोनियों में तेजी से बड़ी-बड़ी बहुमंजिली व्यावसायिक इमारतों का निर्माण हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन, सीवर व्यवस्था, यातायात और राइट ऑफ पैसेज जैसे मूलभूत अधिकारों पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है। नेशविला रोड क्षेत्र में जिस मार्ग को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उसकी चौड़ाई भी लगभग 8 मीटर बताई जा रही है, जबकि आवश्यक मानकों और सड़क की क्षमता को लेकर जनता में गंभीर चिंता है।
यह केवल किसी एक व्यक्ति या एक भवन का मामला नहीं है, यह हमारी आवासीय कॉलोनियों के भविष्य का सवाल है।
अब समय है जागरूक होने का – जनता जब तक अपने अधिकारों, मास्टर प्लान, भवन निर्माण नियमों, सड़क की चौड़ाई और राइट ऑफ पैसेज जैसे विषयों को लेकर जागरूक नहीं होगी, तब तक विभागों पर भी प्रभावी कार्रवाई के लिए जनदबाव नहीं बनेगा।
मसूरी-देहरादून की आवासीय पहचान हमारी जिम्मेदारी है।
संपादक: कुलदीप शर्मा | Ganga News 24 | देहरादून / हरिद्वार

