“एक भी आश्रम महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं”— साध्वी हर्षानंद गिरी का बड़ा बयान, संतों पर भी उठाए सवाल
उज्जैन। मॉडल से साध्वी बनी हर्षानंद गिरी (हर्षा रिछारिया) ने गुरुपूर्णिमा पर उज्जैन में बड़ा बयान देते हुए कहा कि आज के समय में महिलाओं के लिए कोई भी आश्रम पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। मंगलनाथ रोड स्थित मोनीतीर्थ आश्रम में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जब तक कोई संत उन्हें बेटी समान मानकर जीवनभर सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का भरोसा नहीं देता, तब तक उनके लिए माता-पिता का घर और गुरु का आश्रम ही सबसे सुरक्षित स्थान हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ संत उनके घर पर रहने और सोशल मीडिया इस्तेमाल करने पर सवाल उठाते हैं, जबकि कई बड़े आश्रमों में दिखावे और सुविधाओं का अलग ही माहौल है। हर्षानंद गिरी ने कहा कि “माता लक्ष्मी और भगवान नारायण भी सुंदरता के प्रतीक हैं, इसलिए सुंदर और व्यवस्थित रहना गलत नहीं है, यह केवल सोच का अंतर है।”

