दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धनपुरा एवं पदार्था क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों का किया निरीक्षण
मिठाइयों के 08 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, खाद्य लाइसेंस में सही फूड कैटेगरी शामिल करने एवं मिठाइयों के डिब्बों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश
गंदगी एवं मशीनों की साफ-सफाई न होने पर बताशा निर्माण इकाई को नोटिस, एक दिन के भीतर कमियां दूर करने के बाद ही मिठाई निर्माण एवं बिक्री के आदेश

हरिद्वार, 29 अक्टूबर 2026
आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत माननीय खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार द्वारा टीमें गठित कर संपूर्ण जनपद के स्थानीय क्षेत्रों एवं जनपद की सीमाओं पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 29अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन,हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा योगेंद्र पांडेय के साथ धनपुरा, पदार्था एवं सुल्तानपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। टीम द्वारा मौके पर कुल 05 मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बताशा के 02, गुलाब जामुन का 01, मिल्क केक का 01, मावा बर्फी का 01, सफेद रसगुल्ला का 01 तथा डोडा बर्फी का 01 नमूना संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार एवं मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स को खाद्य लाइसेंस में मिठाइयों की सही फूड कैटेगरी शामिल करने तथा मिठाइयों के टीन एवं प्लास्टिक के डिब्बों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश दिए। टीम ने स्पष्ट किया कि उक्त विवरण अंकित करने के बाद ही मिठाइयों की बाजार में बिक्री एवं आपूर्ति की जाए।
टीम की कार्रवाई की सूचना मिलने पर एक रसगुल्ला निर्माण इकाई का मालिक अपनी मिठाई निर्माण इकाई बंद कर मौके से चला गया, जिसके कारण उक्त इकाई में विभागीय कार्रवाई नहीं की जा सकी। वहीं, एक बताशा निर्माण इकाई के निर्माण स्थल एवं संग्रह स्थल पर गंदगी पाए जाने तथा मशीनों की साफ-सफाई नहीं होने के कारण संबंधित इकाई को नोटिस जारी किया गया। संबंधित इकाई को एक दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कमियां दूर करने के बाद ही मिठाई निर्माण एवं बिक्री करने के आदेश दिए गए।

इस प्रकार जनपद में खाद्य पदार्थों के कुल 08 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

