मंगलौर पुलिस ने वर्षों से लंबित आबकारी अधिनियम के मामलों के निस्तारण की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2007 से लंबित 100 मुकदमों का विधिवत निस्तारण करा दिया।
न्यायालय के आदेश पर जब्त अवैध देशी-विदेशी शराब तथा शराब निर्माण और तस्करी में प्रयुक्त उपकरणों का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्टीकरण) किया गया।
रविवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम रुड़की के आदेश पर कोतवाली मंगलौर परिसर में विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
सहायक अभियोजन अधिकारी अलीशा खान और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर की मौजूदगी में मालखाने में वर्षों से सुरक्षित रखी गई अवैध शराब और अन्य जब्त सामग्री को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया गया।
करीब 19 वर्षों से लंबित 100 आबकारी मुकदमों का विधिवत निस्तारण हो गया। साथ ही मालखाने में वर्षों से रखी जब्त सामग्री का बोझ भी कम हुआ है।
पुलिस का कहना है कि इससे अभिलेखों का रखरखाव अधिक व्यवस्थित होगा और न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।सहायक अभियोजन अधिकारी अलीशा खान ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप लंबित आबकारी मामलों का चरणबद्ध निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण और मालखानों में रखी जब्त सामग्री के समयबद्ध विनिष्टीकरण का अभियान जारी रहेगा।

