मुंबई छोड़ उत्तराखंड के पुश्तैनी गांव में सुकून के पल बिता रहीं अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी
काफल और बेडू का स्वाद लेते हुए शेयर किया खूबसूरत वीडियो, फैंस बोले- “यही है असली पहाड़ की ज़िंदगी!”
बॉलीवुड और टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी इन दिनों अपने पुश्तैनी गांव भटवाड़ी (उत्तराखंड) में परिवार के साथ सुकून भरे पल बिता रही हैं। पहाड़ों की गोद में बिताए जा रहे इन खूबसूरत लम्हों की झलक उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर भी साझा की है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
वीडियो में हिमानी शिवपुरी अपने परिवार के साथ काफल और बेडू जैसे पहाड़ के पारंपरिक फलों का आनंद लेती नजर आ रही हैं। साथ ही उन्होंने इन फलों की खासियत भी बताई। सोशल मीडिया पर उनकी सादगी और अपने पहाड़ से जुड़ाव की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने से पहले हिमानी शिवपुरी का बचपन देहरादून में बीता। उनका पालन-पोषण एक साधारण गढ़वाली परिवार में हुआ। उनके पिता हरिदत्त भट्ट शैलेश साहित्य और शिक्षा से जुड़े थे। उनकी कविताओं और हिंदी की कक्षाओं ने बचपन से ही हिमानी के भीतर अभिनय और मंच के प्रति रुचि जगा दी।
अपने भाई हिमांशु भट्ट के साथ खेलते-खेलते उन्होंने दून स्कूल के बॉयज़ हॉस्टल में ड्रामा की रिहर्सल देखी और वहीं से अभिनय का जुनून और बढ़ता गया। बाद में उन्होंने डीएवी कॉलेज, देहरादून से केमिस्ट्री में स्नातक किया, लेकिन उनका दिल अभिनय में ही बसता था।
अपने सपनों को पूरा करने के लिए हिमानी दिल्ली चली गईं और 1982 से 1984 तक नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से अभिनय की विधिवत ट्रेनिंग ली। इसके बाद उन्होंने थिएटर, टीवी और बॉलीवुड में अपनी मेहनत के दम पर एक खास पहचान बनाई।
आज भी सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद हिमानी शिवपुरी अपने पहाड़, अपनी मिट्टी और अपनी जड़ों से गहराई से जुड़ी हुई हैं। उनका यह अंदाज़ एक बार फिर साबित करता है कि चाहे इंसान दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच जाए, अपना गांव और अपनी संस्कृति हमेशा दिल के सबसे करीब रहती है।

