नीट यूजी 2026 के सबसे उम्रदराज (70 वर्षीय) अभ्यर्थी अशोक बहार ने मेडिकल कॉलेजों में सीनियर सिटीजंस के लिए 1% आरक्षण की मांग करते हुए 13 जुलाई को लखनऊ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
याचिका में तर्क दिया गया है कि जब नीट में दिव्यांगों, स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों को आरक्षण या विशेष लाभ मिलता है, तो योग्य वरिष्ठ नागरिकों को यह सुविधा क्यों नहीं। अशोक बहार ने 3 मई को नीट और 21 जून को री-नीट की परीक्षा दी थी।
इससे पहले उन्होंने 5 मई और 26 जून को केंद्र सरकार को भी इसी मांग का आवेदन दिया था। वहां से कोई सकारात्मक परिणाम न मिलने पर उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाया।
बहार के वकील का कहना है कि जब सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी से ऊपरी आयु सीमा हटा दी है, तो बुजुर्गों को भी मेडिकल सीट पाने के लिए आरक्षण मिलना चाहिए। याचिका में कोर्ट से सरकार को इस मामले पर विचार करने और उचित नीति बनाने का निर्देश देने की अपील की गई है।

