सहारनपुर: PNB की करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ के जाली नोट, बैंक के 3 अधिकारी नामजद
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान सामने आई बड़ी गड़बड़ी ने बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट की करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसी चेस्ट से मुख्यालय भेजी गई नकदी में 4.36 लाख रुपये की कमी भी पाई गई है।
बैंक की ओर से दोनों मामलों में सदर बाजार थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की तहरीर पर जाली नोट मामले में मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के जगाधरी (खेरा बाजार) स्थित करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को नामजद किया गया है। वहीं कैश कम मिलने के मामले में हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
जांच का दायरा बढ़ा
इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट कहां से आए, पुलिस अब इसकी तह तक जाने में जुटी है। करेंसी चेस्ट में अलग-अलग शाखाओं से नकदी आती है। पुलिस अब उन शाखाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है, जिन्होंने किस तारीख को कितनी रकम चेस्ट में जमा कराई।
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि 7.40 करोड़ के जाली नोट एक साथ जमा हुए या धीरे-धीरे चेस्ट तक पहुंचाए गए। इसके लिए नोटों की गिनती, पैकिंग और मुख्यालय भेजने की पूरी प्रक्रिया में शामिल कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

