केरल के ग्रैंड मुफ्ती का बयान बना विवाद: बोले- महिलाओं को घर के अंदर ही रहना चाहिए


केरल के ग्रैंड मुफ्ती का बयान बना विवाद: बोले- महिलाओं को घर के अंदर ही रहना चाहिए

कोच्चि। केरल के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबकर अहमद ने महिलाओं को लेकर दिए गए एक बयान से नया विवाद खड़ा कर दिया है।

कोच्चि में ‘हब्बल रसूल’ कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कांतपुरम एपी अबूबकर मुसलियार के नाम से मशहूर इस धर्मगुरु ने कहा कि महिलाओं को घर के अंदर ही रहना चाहिए और सार्वजनिक जगहों पर नहीं जाना चाहिए। उनका तर्क है कि इस्लाम में महिलाओं की इज्जत बचाने के लिए ही पर्दा प्रथा बताई गई है।

उन्होंने महिलाओं की तुलना सोने के गहनों से करते हुए कहा कि जैसे सोने के हार को डिब्बे में सुरक्षित रखा जाता है, वैसे ही महिलाओं की सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर लाने से भारी तबाही हो सकती है।

कांतपुरम ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि ज्वेलरी की दुकान से सोने का हार खरीदते समय उसे अलमारी, फिर डिब्बे और रैपिंग से सावधानी से निकाला जाता है, जबकि पत्थर की चक्कियां सड़क किनारे रखी जाती हैं, जिन पर लोग पैर भी रख देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर सोने के हार को सड़क किनारे छोड़ दिया जाए तो हर व्यक्ति उसे छू सकेगा, जिससे उसकी सुंदरता और कीमत खत्म हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि पवित्र कुरान में भी ऐसा ही कहा गया है और इसका मकसद महिलाओं को कमतर दिखाना नहीं, बल्कि उनका सम्मान और सुरक्षा करना है।

गौरतलब है कि शेख अबूबकर अहमद ‘ऑल-इंडिया सुन्नी जमिय्यतुल उलेमा’ और ‘समस्था केरल जेम-इय्यतुल उलेमा’ दोनों के जनरल सेक्रेटरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *