समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपार क्षमता रखते हैं युवा – प्रो बत्रा
एन.एस.एस. स्थापना दिवस पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
हरिद्वार 24 सितम्बर 2026
एस. एम. जे. एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में आज राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों को रंगोली के माध्यम से आकर्षक एवं रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉक्टर रवींद्र पुरी जी महाराज द्वारा भी साथ छात्राओं को समाज सेवा के लिए आगे बढ़ने का एक सार्थक संदेश दिया गया
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर सभी स्वयंसेवकों एवं उपस्थित शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है।

अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करना है। विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करके ही अपने जीवन को सार्थक नहीं बना सकते, बल्कि उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझना और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशील होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को इसी दिशा में कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश की युवा शक्ति हैं और उनमें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपार क्षमता है। यदि युवा वर्ग अपने समय, ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों में करे, तो समाज और राष्ट्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदमावती तनेजा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना, अनुशासन एवं रचनात्मकता का विकास करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रंगोली प्रतियोगिता जैसे आयोजन विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने विभिन्न रंगों एवं कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सृजनात्मकता, टीम भावना, सामाजिक चेतना एवं सेवा भाव को प्रोत्साहित करना रहा। छात्र छात्राओं ने इस अवसर पर नशामुक्ति , पर्यावरण संरक्षण मतदाता साक्षरता जागरूकता तथा एस आई आर से संबंधित बेहतरीन रंगोलियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया ।
रंगोली प्रतियोगिता में तृप्ति, निधि, शालिनी की टीम तथा तान्या, विशाखा, ज्योतिका, सिमरन की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अनन्या, रितु, सलोनी, अनिष्का, सुकन्या, अंकिता, रिया तथा संजना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में राधिका, भूमि, तनिष्का, दिया तथा सलोनी ने तृतीय स्थान हासिल किया जबकि सलोनी, मयूरी, वंशिका, कशिश तथा हिमांशी ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ बृजेश बनकोटी, डॉ लता शर्मा, डॉ आशा शर्मा, डॉ पूर्णिमा सुंदरियाल तथा डॉ रेनू सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ शिव कुमार चौहान, डॉ पुनीता शर्मा, डॉ विजय शर्मा, विनीत सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

