सरकारी अफसरों के लिए आएगा ‘सोशल मीडिया आचार संहिता’, रील्स-वीडियो पर लगेगी लगाम
नई दिल्ली, 3 सितंबर। सरकार ‘सोशल मीडिया आचार संहिता’ लाने की तैयारी कर रही है। ये नियम सरकारी अधिकारियों पर लागू होंगे, क्योंकि अधिकारियों के बीच ड्यूटी के दौरान पर्सनल रील्स, वीडियो और राय पोस्ट करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ नौकरशाहों को इस कोड को लाने की संभावना पर विचार करने का निर्देश दिया है। कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने इस सप्ताह नौकरशाहों को भेजे संदेश में बैठक के मुख्य बिंदुओं का विवरण दिया है।
अधिकारियों के लिए सोशल मीडिया कोड इसलिए भी जरूरी माना जा रहा है, क्योंकि कई मामलों में अधिकारी पोस्ट के जरिए अपने काम और पद का महिमामंडन करते हैं, जबकि आचरण नियमों के तहत ऐसा नहीं करना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा आचरण नियम उस समय बने थे जब सोशल मीडिया नहीं था, इसलिए नए कोड की सख्त जरूरत है।
साथ ही पीएम मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय से नागरिकों के लिए यूनिफाइड सर्विस डिलीवरी प्लेटफॉर्म ‘एक भारत’ पोर्टल को जल्द शुरू करने को भी कहा है। इस पोर्टल के आने से नागरिकों को सभी सरकारी सेवाओं के लिए केवल एक यूजरनेम और पासवर्ड से लॉगिन की सुविधा मिलेगी।

