श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने की पटाखों पर देवी-देवताओं के चित्र न छापने की अपील

श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने की पटाखों पर देवी-देवताओं के चित्र न छापने की अपील

हरिद्वार, 29 अक्टूबर।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने पटाखा बनाने वाली कंपनियों और व्यापारियों से एक महत्वपूर्ण अपील की है।

पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि दीपावली के मौके पर कई पटाखा कंपनियां मुनाफा कमाने के लिए पटाखों के रैपर पर माँ लक्ष्मी, भगवान गणेश, हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं के चित्र छाप देती हैं। पटाखा जलने के बाद वही चित्र जमीन पर पड़े रहते हैं और पैरों तले आते हैं, जो सीधे-सीधे हिंदू देवी-देवताओं का अपमान है।

उन्होंने कहा कि इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

“पटाखा कंपनियों और व्यापारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी पटाखे पर देवी-देवताओं के चित्र न हों। सनातन धर्म में देवी-देवता पूज्य हैं, व्यापार की वस्तु नहीं।”

चेतावनी भी दी —

पंडित कौशिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपील के बाद भी देवी-देवताओं के चित्र वाले पटाखे बाजार में बेचे गए, तो संगठन द्वारा संबंधित कंपनी और दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।

उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप के माध्यम से इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं और ऐसे पटाखे न खरीदें जिन पर देवी-देवताओं के चित्र हों।

इस अपील की हरिद्वार के संत समाज और स्थानीय लोगों में जमकर सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *