रुद्रपुर में सियासी घमासान: पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को उठा ले गई पुलिस, मामला गरमाया
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर में पुलिस की कार्रवाई के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद मामला गरमा गया है।
पूरा मामला क्या है?
दरअसल बुधवार शाम ट्रांजिट कैंप पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने लघु उद्योग व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप अध्यक्ष संजीव गुप्ता के ‘अपना होटल’ में अनियमितताओं की शिकायत पर छापा मारा और उन्हें पूछताछ के लिए आवास विकास चौकी ले आई।
इसकी जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समर्थकों के साथ चौकी पर धरने पर बैठ गए और पुलिस पर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
वहीं इससे पहले कलेक्ट्रेट में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में SIR (वोटर लिस्ट विशेष गहन पुनरीक्षण) की बैठक के दौरान विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक ठुकराल के बीच तीखी बहस हो गई थी। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर ठुकराल के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
आज सुबह उठा ले गई पुलिस
विरोध प्रदर्शन के बाद आज गुरुवार सुबह पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को उनके आवास से हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस का कहना है कि टीम सिर्फ धारा 41 का नोटिस तामील कराने गई थी, गिरफ्तारी नहीं की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। जबकि कांग्रेस का आरोप है कि बिना वारंट के रात में फोर्स के साथ दबिश दी गई।
मामले को लेकर रुद्रपुर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

