राजाजी की वादियों में ‘अभय’ और ‘विराट’ की अनोखी यारी, ममता छूटी तो बने एक-दूजे की ढाल

गंगा न्यूज़ 24 • हरिद्वार

राजाजी की वादियों में ‘अभय’ और ‘विराट’ की अनोखी यारी, ममता छूटी तो बने एक-दूजे की ढाल

हरिद्वार। मां और झुंड से बिछड़कर जंगल में अकेले मिले दो नन्हें गजराज अब एक-दूसरे का सहारा बनकर बड़े हो रहे हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज स्थित हाथी बाड़े में करीब दस महीने से रह रहे विराट और अभय को अब जंगल के जीवन के लिए तैयार किया जा रहा है।

वन विभाग की निगरानी में दोनों की ट्रेनिंग के साथ खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कमजोर हालत में लावारिस मिले थे दोनों

कभी बेहद कमजोर हालत में जंगल में लावारिस हालत में मिले दोनों गज शिशु अब स्वस्थ हैं। दोनों को रेस्क्यू करके राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में बने एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर के हाथी बाड़े में रखा गया। एक का नाम ‘विराट’ और दूसरे का नाम ‘अभय’ रखा गया।

अधिकारियों के मुताबिक, विराट देहरादून के लच्छीवाला जंगल में हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था और अकेला लावारिस हालत में मिला था। उस समय विराट की उम्र करीब 2 से 3 महीने की थी।

इसी तरह अभय हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के खारा क्षेत्र में अकेला और असहाय मिला था। गश्त के दौरान जब अभय मिला था, तब वो मात्र एक-दो दिन का ही नवजात था।

कंचन नौटियाल की निगरानी में ट्रेनिंग

राजाजी पार्क प्रशासन ने दोनों को साथ रखकर उनकी देखभाल शुरू की। फिलहाल, राजाजी टाइगर रिजर्व के चीला रेंज के एलीफेंट कैंप की इंचार्ज कंचन नौटियाल की देखरेख में दोनों का पालन पोषण किया जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक दोनों को रोजाना करीब 25 लीटर दूध दिया जा रहा है। डॉक्टरों ने दोनों के लिए विशेष डाइट प्लान बनाया है।

एक-दूजे के बने सहारा

वनकर्मियों का कहना है कि अब अभय और विराट एक-दूसरे के बिना नहीं रहते। खेलना, खाना और ट्रेनिंग, हर काम साथ-साथ करते हैं। जंगल में बिछड़े इन दो नन्हें गजराजों की दोस्ती अब सबके लिए मिसाल बन गई है।

गंगा न्यूज़ 24

GangaNews24 #Haridwar #RajajiTigerReserve #Abhay #Virat #Elephant #Gajraj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *