यूपी में कोई दल भाजपा को अकेले नहीं हरा सकता: इमरान मसूद
नई दिल्ली, 23 सितंबर 2026 (Ganga News 24)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के उस बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें इकरा ने कहा था कि यूपी में भाजपा को सिर्फ अखिलेश यादव ही हरा सकते हैं और कांग्रेस अकेले ज्यादा कुछ नहीं कर सकती।
इमरान मसूद का पलटवार:
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा – “कोई भी दल अकेले भाजपा को नहीं हरा सकता, इकरा भी अकेले यह नहीं कर सकतीं। वह हमारी बच्ची जैसी हैं, भतीजी जैसी हैं। कौन क्या कह रहा है, इस पर ध्यान देने के बजाय विपक्षी दलों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।”
उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी अलग-अलग दलों ने कई तरह की बातें कही, लेकिन नतीजे कुछ और रहे। इसलिए सबको साथ मिलकर चलना चाहिए।
सीएम योगी पर निशाना:
इस दौरान इमरान मसूद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा – “आप चंदे का पैसा चुराएंगे और हम विरोधी हो गए। आपकी सरकार में चंदे का पैसा चोरी हो रहा है।”
एसटी हसन ने क्या कहा:
वहीं सपा नेता एसटी हसन ने इकरा हसन के बयान का समर्थन करते हुए कहा – “असलियत यह है कि यूपी में अगर कोई पार्टी भाजपा को हरा सकती है, तो वह समाजवादी पार्टी है। कांग्रेस के साथ आने से हमारी ताकत और बढ़ेगी।”
रिपोर्ट: संपादक कुलदीप शर्मा, Ganga News 24

