डीएसएमपीएस में गूंजा ‘कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम’, जन्माष्टमी संग शिक्षकों को किया नमन
हरिद्वार। धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल (DSMPS), ज्वालापुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व भक्ति, उल्लास और गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता के साथ भव्य रूप से मनाया गया।

भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ भजन एवं श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक गायन से हुआ। विद्यार्थियों की राधा-कृष्ण प्रेम, रासलीला और गुरु वंदना पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं बाल गोपाल की लीलाओं, द्रौपदी चीरहरण तथा विद्यार्थी जीवन में शिक्षक की भूमिका पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यार्थियों ने भावपूर्ण भाषणों तथा स्वयं निर्मित ‘थैंक यू कार्ड्स’ के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
विद्यालय के निदेशक मुकुल चौहान एवं प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का आयोजन प्रीति गुप्ता एवं श्रद्धा शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। कक्षा XI मानविकी के विद्यार्थियों शौर्य शर्मा एवं बिट्टो ने मंच संचालन किया।
समारोह के अंतर्गत कक्षा III से V के लिए बांसुरी निर्माण, VI से VIII के लिए मटकी सजावट प्रतियोगिता तथा IX से XII के विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित दिव्य झांकी प्रस्तुति आयोजित की गई।

