सीबीएसई इवैल्यूएशन टेंडर में खामियां उजागर करने वाले 12वीं के छात्र सार्थक सिद्धांत ने सरकारी सिस्टम में पारदर्शिता के लिए एक नया कदम उठाया है।
सार्थक ने भारत सरकार के सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट (सीपीपी) पोर्टल से करीब 1.66 करोड़ खरीद-फरोख्त के रिकॉर्ड्स निकालकर एक पब्लिक पोर्टल लॉन्च किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि दो हफ्तों की मेहनत से तैयार यह डेटाबेस अब आम नागरिकों, पत्रकारों और शोधकर्ताओं के लिए मुफ्त उपलब्ध है।
इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी खजाने का पैसा कहां खर्च हो रहा है, इसकी जानकारी लोगों को आसानी से मिल सके। अब लोग इस डेटाबेस को डाउनलोड कर अपने स्तर पर जांच कर सकते हैं।
इससे पहले सार्थक ने अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी निकलवाने के बाद सीबीएसई के डिजिटल इवैल्यूएशन और ऑन-स्क्रीन मार्किंग से जुड़े टेंडर दस्तावेजों का विश्लेषण किया था। उनके उन सटीक खुलासों और रिसर्च के कारण उन्हें शिक्षा पर बनी संसदीय स्थायी समिति के समक्ष पेश होकर अपनी बात रखने का मौका भी मिला था।

