आईडब्ल्यूपीसी के 32वें स्थापना दिवस समारोह में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश ने कहा – सत्ता से सच बोलना पत्रकारिता की बुनियादी जिम्मेदारी

पत्रकारिता के मूल में मानवता का भाव होना चाहिए : जस्टिस सुधांशु धूलिया

आईडब्ल्यूपीसी के 32वें स्थापना दिवस समारोह में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश ने कहा – सत्ता से सच बोलना पत्रकारिता की बुनियादी जिम्मेदारी

नई दिल्ली, 21 नवंबर। इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स (आईडब्ल्यूपीसी) ने शनिवार को जवाहर भवन में अपना 32वां स्थापना दिवस समारोह मनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया शामिल हुए। कार्यक्रम में रूहानी सिस्टर्स और आईडब्ल्यूपीसी की सदस्य एवं गायिका अनुराधा रमन ने संगीतमय प्रस्तुतियां भी दीं।

अपने संबोधन में जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता में मानवता और संवेदनशीलता को सबसे अहम बताया। उन्होंने अपने परिवार के मीडिया से पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए बताया कि उनके परिवार का कोटद्वार से प्रकाशित होने वाला ‘कर्मभूमि’ नाम का अखबार था।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की बुनियादी जिम्मेदारियों में से एक है सत्ता से सच बोलना। मौजूदा समय में मीडिया के लिए निष्पक्ष रहना पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। रवांडा में हुए नरसंहार से लेकर गाजा में जारी हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए और सच के पक्ष में खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “एक पत्रकार को पक्ष चुनना पड़ता है और अपनी अंतरात्मा के अनुसार बोलना होता है। आज के दौर में निष्पक्ष बने रहना आसान नहीं है।”

जस्टिस धूलिया ने कहा कि भारत की आजादी के समय पत्रकारिता की शिक्षा देने वाले संस्थान भले ही नहीं थे, लेकिन उस दौर के पत्रकारों में राजा राममोहन राय, महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक और डॉ. बी.आर. आंबेडकर जैसी महान हस्तियां शामिल थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आज अत्याधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बावजूद उस स्तर के पत्रकार क्यों तैयार नहीं हो पा रहे हैं, जिनकी समाज को जरूरत है।

उन्होंने टीआरपी की दौड़ में लगी पत्रकारिता को अशोभनीय बताते हुए कहा कि पत्रकारों को हर हाल में मानवीय गरिमा और संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए। आज अखबारों और पत्रिकाओं में मशहूर हस्तियों की शादियों को काफी जगह दी जाती है, जबकि कर्ज के बोझ से जूझ रहे गरीबों और किसानों की समस्याओं को उतनी अहमियत नहीं मिलती।

युवाओं से दुनिया और समाज की वास्तविक समस्याओं से जुड़ने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें केवल नए आईफोन या गैजेट तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अपने विश्वविद्यालय के दिनों को याद करते हुए बताया कि वियतनाम युद्ध के समय छात्र सड़कों पर उतरकर युद्ध के विरोध में प्रदर्शन करते थे और तख्तियां लेकर अपनी आवाज उठाते थे।

जस्टिस धूलिया ने कहा, “अगर पत्रकार इंसान और इंसानियत के बारे में नहीं सोचेंगे, तो फिर कौन सोचेगा?” अपने संबोधन में उन्होंने रूसी लेखक दोस्तोयेव्स्की और उर्दू के शायर हबीब जालिब तथा अहमद फ़राज़ की पंक्तियों का भी उल्लेख किया।

उनके विचारों का सार यही था कि पत्रकारिता का आधार मानवता हो और पत्रकारों में सत्ता के सामने सच कहने का साहस होना चाहिए।

GangaNews24 #JusticeSudhanshuDhulia #IWPC #Journalism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *