सहारनपुर में खाकी पर एसएसपी का महा-एक्शन: 36 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 110 लाइन हाजिर; महकमे में मचा हड़कंप
सहारनपुर।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को पटरी पर लाने और खाकी की साख को बहाल करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।
कर्तव्यपालन में लापरवाही, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता और जनता के साथ दुर्व्यवहार के गंभीर आरोपों में घिरे 146 पुलिसकर्मियों पर एक साथ गाज गिरी है। एसएसपी के इस कड़े रुख से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह की इस चाबुक कार्रवाई के तहत 36 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है व 110 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा, गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिस-कंडक्ट (दुराचार) की विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
निलंबित (सस्पेंड) होने वालों का विवरण:
01 निरीक्षक (इंस्पेक्टर)
10 उपनिरीक्षक (दरोगा)
12 हेड कांस्टेबल
13 कांस्टेबल
इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा गाज दरोगाओं पर गिरी है। लाइन हाजिर होने वालों में 54 उपनिरीक्षक (दरोगा) शामिल हैं। लगातार मिल रही शिकायतों पर लिया कड़ा एक्शन सहारनपुर जिले में वर्तमान में 22 थाने, एक साइबर थाना और 100 से अधिक पुलिस चौकियां संचालित हैं। सूत्रों के अनुसार, फरवरी 2026 में कार्यभार संभालने के बाद से ही एसएसपी अभिनंदन सिंह को विभिन्न थानों और चौकियों के पुलिसकर्मियों के आचरण, ढीली कार्यशैली और भ्रष्टाचार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
एसएसपी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जनता के साथ अभद्र व्यवहार, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार-बार चेतावनी के बाद भी सुधार न होने पर यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उन सभी के लिए एक कड़ा संदेश है जो अपनी ड्यूटी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जनता की शिकायतों की अनदेखी और अनुशासनहीनता करने वालों पर आगे भी इसी तरह का सख्त रुख अपनाया जाएगा, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
एसएसपी के इस औचक और कड़े कदम के बाद से जिले के सभी थानों और चौकियों में हड़कंप का माहौल है और पुलिसकर्मी अपनी कार्यप्रणाली को सुधारने में जुट गए हैं।

