नीट यूजी 2026 परीक्षा में अनियमितता का मामला थमा भी नहीं था कि दो साल पहले हुई नीट यूजी परीक्षा पर गंभीर आरोप लगे हैं।
मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने नीट यूजी 2024 की परीक्षा पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी को ईमेल भेजा है। छात्रा का कहना है कि दो साल पहले हुई नीट परीक्षा में गड़बड़ी हुई थी, जिसका खामियाजा आज भी नीट एस्पिरेंट्स को भुगतना पड़ रहा है।
केरल के वडक्कनचेरी की रहने वाली नीट यूजी की छात्रा का नाम अंजलि एस है। अंजलि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ईमेल करके नीट यूजी 2024 परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा, ‘…मुझे 2024 NEET में 640 नंबर (720 में से) मिले थे। कैलकुलेट करने के बाद हमें पूरा भरोसा था कि हमें सरकारी सीट मिल जाएगी। लेकिन हुआ यह कि हमें सरकारी सीट नहीं मिली और हमें मजबूरी में सेल्फ-फाइनेंसिंग वाली सीट लेनी पड़ी।’ उसकी वजह से उनके परिवार को हर साल 10-10 लाख रुपये खर्च उठाना पड़ रहा है। छात्रा ने कहा, ‘अब मुझे हर साल 10 लाख रुपये देने पड़ते हैं… हमें लगभग यकीन है कि 2024 में कुछ गड़बड़ी हुई थी।

