उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नए विधानभवन के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए कई कंपनियों ने अपना प्रेजेंटेशन एलडीए के सामने पेश किया है।
अब शासन स्तर पर गठित उच्च स्तरीय समिति तय करेगी कि निर्माण की जिम्मेदारी किस कंपनी को दी जाएगी।
योजना के तहत केवल नया विधानभवन ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास, विधायक हॉस्टल और वीवीआईपी प्रशासनिक ब्लॉक भी विकसित किए जाएंगे। प्रस्तावित विधानसभा परिसर को पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल बनाया जाएगा तथा इसे अगले 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा।
यातायात और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए अंडरग्राउंड टनल, विशेष प्रवेश-निकास द्वार और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था का भी प्रस्ताव है, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान गोमतीनगर में जाम की समस्या कम हो। डिजाइन में आधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
एलडीए के अनुसार, सभी कंपनियों के प्रेजेंटेशन की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है और अंतिम चयन उच्च स्तरीय समिति करेगी। उल्लेखनीय है कि यह 245 एकड़ जमीन पहले सहारा ग्रुप के पास लीज पर थी, जिसे निरस्त होने के बाद एलडीए ने अपने कब्जे में लेकर नए विधानसभा परिसर के लिए चिन्हित किया है।

