उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
रोहनिया थाना क्षेत्र में कॉरपोरेट ऑफिस की आड़ में चल रहे इस नेटवर्क पर छापेमारी कर पुलिस ने 250 युवक-युवतियों को मुक्त कराया, जिन्हें मानसिक दबाव में रखकर नेटवर्क से नए लोगों को जोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि शुरुआती जांच में गिरोह के बैंक खातों में एक वर्ष के भीतर करीब 4 करोड़ रुपये का लेनदेन सामने आया है।
डीसीपी क्राइम नीतू कादयान ने बताया कि साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनिया पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘महादेव इंटरप्राइजेज’ के नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे और ‘Royal Health Wellness Private Limited’ की फ्रेंचाइजी के नाम पर अवैध मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन स्कीम चला रहे थे। गिरोह नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को कॉरपोरेट कंपनी में रोजगार का झांसा देकर अपने जाल में फंसा रहा था।

