मनोज ठाकुर
धर्मनगरी में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित अनैतिक कार्यों के खिलाफ खुला मोर्चा, हेमा भंडारी ने उठाई आवाज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित हो रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर अब विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। जन अधिकारी पार्टी-शक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सिडकुल स्थित पेंटागन मॉल में संचालित एक स्पा सेंटर में हेमा भंडारी अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचीं और वहां की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान स्पा सेंटर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
हेमा भंडारी का आरोप है कि बाहरी राज्यों से आए कुछ कारोबारी देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है, ऐसे में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देवभूमि उत्तराखंड में क्रॉस मसाज जैसी गतिविधियां वैध नहीं हैं, तो आखिर किसके संरक्षण में ऐसे प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं और धर्मनगरी की मर्यादा को चुनौती दी जा रही है।
हेमा भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्पा संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर दबाव बनाने और भय का माहौल पैदा करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि धर्मनगरी की मर्यादा और प्रतिष्ठा को बनाए रखना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिले में संचालित सभी स्पा सेंटरों की व्यापक जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जन अधिकारी पार्टी-शक्ति द्वारा जनजागरण अभियान चलाकर इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि धर्मनगरी की गरिमा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसके लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उपशीर्षक: “धर्मनगरी की मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, स्पा सेंटरों की हो व्यापक जांच” — हेमा भंडारी

