गुजरात में पहली महिला मुख्यमंत्री रही आनंदीबेन पटेल की बतौर सीएम पारी काफी छोटी रही थी।
वह नरेंद्र मोदी के पीएम बनने के बाद गुजरात की गद्दी पर बैठीं थीं लेकिन सिर्फ दो साल 77 दिन ही मुख्यमंत्री रह पाई थीं।
इसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था, लेकिन आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के तौर पर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
उन्होंने यूपी के राज्यपाल के तौर पर सात वर्ष 29 जुलाई को पूरे किए। उत्तर प्रदेश में अभी तक किसी भी गर्वनर को इतना लंबा कार्यकाल नहीं मिला है।
जब आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश की राज्यपाल बनी थीं तो वह इस पद विराजमान होने वाली पहली महिला थीं। यूपी में अभी 25 गवर्नर हुए हैं, लेकिन आनंदीबेन पटेल एकमात्र फुलटाइम महिला राज्यपाल हैं। आनंदीबेन राजनीति में जब आई थीं तब वह एक स्कूल में शिक्षिका थीं। आगे चलकर वह प्रधानाध्यापक बनीं और फिर इसके बाद बीजेपी से विधायक मंत्री और फिर सीएम। 21 नवंबर, 1941 को जन्मीं आनंदीबेन पटेल की उम्र 84 साल है। वह पीएम नरेंद्र मोदी से काफी बड़ी हैं। वह सबसे पहले राज्यसभा सदस्य रहीं। इसके बाद पाटन और घाटलोडिया सीटों से विधायक रहीं।

